मुंगेर: चीन के वुहान शहर से दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में फैले कोरोना वायरस का असर अब बिहार में भी दिखने लगा है। गुरुवार देर शाम बिहार के मुंगेर जिले में कोरोना वायरस का एक संदिग्ध पाया गया है।
जैसे ही यह खबर आम लोगों तक पहुंची शहर में अफरातफरी का माहौल बन गया। गौरतलब है कि कोरोनावायरस को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने महामारी घोषित कर दिया है। इस महामारी के कारण अब तक 5000 से भी ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग इस वायरस से संक्रमित हैं।
वहीं भारत में भी कोरोनावायरस के संदिग्धों की संख्या दिन-पतिदिन तेजी से बढ़ती जा रही है। वर्तमान समय में भारत में 70 से भी अधिक मरीज कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। वही देश में इस वायरस से पहला मौत का मामला भी सामने आया है।
जानिए क्या है पूरा मामला
4 दिन पहले हांगकांग से वापस लौटे जमालपुर के मर्चेंट नेवी कर्मी रिंकेश कुमार कोरोना वायरस के आशंका को लेकर जमालपुर के पीएचसी पहुंचे थे। जहां से उन्हें मुंगेर सदर अस्पताल रेफर किया गया। हांगकांग से वापस लौटने के बाद युवक को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। साथ ही साथ उन्हें बुखार भी था।
![]() |
File Photo |
जिसके कारण उन्हें जमालपुर के पीएचसी से सीधे मुंगेर सदर अस्पताल रेफर किया गया। मुंगेर के सदर अस्पताल में उन्हें एक आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। हालांकि सदर अस्पताल के डॉक्टर ने उन्हें सैंपल जांच के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया है। पटना में उनका पीसीआर जांच होगा। जहां से उनका सैंपल पुणे भेजा जाएगा।
खबर सुनकर मरीजों में फैली दहशत
सदर अस्पताल में कोरोना वायरस के मरीज की खबर सुनकर वहां पहले से उपस्थित मरीजों में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। साथ ही साथ वहां पर उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों में भी दहशत का माहौल दिखा। जिसके कारण वे सभी मास्क लगाए हुए नजर आए। हालांकि हांगकांग से लौटे युवक में कोरोनावायरस के पॉजिटिव होने की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।